logo

झारखंड में बीजेपी ने पिछड़ों का आरक्षण 27 से घटाकर 14% कर दिया- केशव महतो कमलेश 

CONG23.jpg

रांची
झारखंड प्रदेश कांग्रेस द्वारा मिलन समारोह का आयोजन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान महतो ने कहा कि झारखंड में बीजेपी ने पिछड़ों का आरक्षण 27% से घटाकर 14% कर दिया। कहा, पिछड़ा वर्ग आज भी इसका भुक्तभोगी है। मिलन समारोह में रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव अमर कुमार चौधरी ने अपने समर्थकों संग कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। केशव महतो कमलेश ने चौधरी एवं उनके समर्थकों को माला एवं कांग्रेस की अंगपट्टिका पहनाकर सदस्यता प्रदान की।


केशव महतो कमलेश ने कहा कि चौधरी के पिता स्वर्गीय जागेश्वर चौधरी विद्यालय के प्राध्यापक होने के साथ-साथ विधायक भी चुने गए थे, लेकिन समाज में शिक्षा का अलख जगाने के लिए इन्होंने अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया।  चौधरी ने इसी विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य किया। कांग्रेस की नीतियों सिद्धांतों में विश्वास व्यक्त करते हुए राहुल गांधी की कार्यशैली और जनता के प्रति समर्पण को देखकर इन्होंने सदस्यता ग्रहण की है। आगे संगठन में इनकी क्षमता का पूर्ण उपयोग विधानसभा चुनाव में किया जाएगा।


 सदस्यता ग्रहण के पश्चात अमर कुमार चौधरी ने कहा कि राहुल ने जिस तरह भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से देश की जनता को एकजुट कर उनके हक की आवाज बनने की कोशिश की है, वह जनता के अधिकारों के प्रति उनके प्रेम को दिखाता है। जिसकी जितनी भागीदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी और इस वादे को पूरा करने के लिए आरक्षण की 50% की सीमा को तोड़ने की बात करना उनके नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। झारखंड में बीजेपी द्वारा पिछड़ों के साथ अन्याय करते हुए आरक्षण को 27% से 14% कर दिया गया जिसका भूक्तभोगी पिछड़ा वर्ग आज भी है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधायक राजेश कच्छप, उमाशंकर यादव अकेला, राकेश सिन्हा, जयशंकर पाठक, सोनाल शांति और राजन वर्मा उपस्थित थे।


 

Tags - BJP reduced reservation Keshav Mahato Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand latest